अंबिकापुर। गांधीनगर थाना क्षेत्र के वसुंधरा विहार में रहने वाले सुधाकर सिंह ऊर्फ चुन्नु पिता उमेश सिंह 37 वर्ष ने घर में आगजनी की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई है। बताया गया है कि 11 अप्रैल को अपरान्ह लगभग 3 बजे वह अपने निजी काम से घर से बाहर गया था। इसके बाद लगभग 3.30 बजे उनकी पत्नी और बच्चे अपनी मां के घर चले गए थे। सूने मकान में लगभग 4 बजे मकान मालिक विजय लाल ने फोन करके बताया कि घर में आग लग गया है। सूचना पाकर वह घर पहुंचा तो घर के एक रूम में आग लगा था। घर के पीछे लगे नल के पानी से आग को बुझाने तक कमरे में रखे कपड़े, सामान एवं एक बैग में रखा करीब 5 लाख रुपये जलकर खाक हो गया था। सुधाकर सिंह का आरोप है कि अज्ञात के द्वारा क्षति पहुंचाने के उद्देश्य से मकान में आगजनी की घटना को अंजाम दिया गया है। रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 324(5), 326(जी) बीएनएस का मामला दर्ज कर लिया है।

Spread the love