अंबिकापुर। सरगुजा जिले के लुंड्रा विकासखंड अंतर्गत एक व्यक्ति की मौत के बाद पत्नी के द्वारा हत्या करने का मामला सुर्खियों में है। कथित रूप से शुक्रवार की रात पत्नी ने पहले पति को नींद की गोलियां खिलाईं, जब वह सो गया तो 5 वर्षीय बेटी के सामने खाट में उसका हाथ-पैर बांधकर सिर में पॉलीथिन पहनाया और दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। सुबह बेटी ने मां की पूरी करतूत उजागर की। फिलहाल पुलिस पत्नी को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। वहीं मामला हत्या से जुड़ा नहीं होने की जानकारी पुलिस अधिकारी दे रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक लुंड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम बकनाकला निवासी मो. उम्मद रसूल पिता बदरूद्दीन 32 वर्ष अपनी पत्नी मेहरून निशा 29 वर्ष व 5 वर्षीय बेटी के साथ रहता था। शुक्रवार की रात उनके बीच विवाद हुआ था। इसी बीच पत्नी किसी तरह पति को मनाकर उसे खाना खिलाई और खाने में नींद की गोलियां दे दी। पति को तत्काल नींद आ गई। इसके बाद वह 5 वर्षीय बेटी के सामने उसके हाथ-पैर खाट से बांधकर अपने दुपट्टे से उसका गला घोंट दी थी। पति की हत्या करने के बाद वह बेटी को लेकर रात में दूसरे घर चली गई। इस दौरान उसने बेटी से कहा कि अब्बू सो रहे हैं, तुम्हे भी नींद आ रही होगी। इसके बाद दोनों सो गए। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ दिनों से पति को नींद की गोलियां खिला रही थी और प्रेमी से मिलने जाया करती थी। सुबह 5 वर्षीय बेटी ने ही सबके सामने मां की पोल खोल दी। सूचना पर लुंड्रा पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी महिला को हिरासत में ले ली है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
बयान
शुरूआती जांच में हत्या के सबूत नहीं मिले हैं। युवक के गले व हाथ-पैर बांधने का भी निशान नहीं मिला है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। बच्ची इस तरह का बात किस परिस्थिति में बोली, इसका आधार क्या है, इसका जांच पुलिस कर रही है। प्रथम दृष्टया पुलिस मामले को हत्यात्मक प्रवृत्ति का नहीं मान रही है।
अमोलक सिंह ढिल्लो, एएसपी सरगुजा

Spread the love