ग्राम पंचायत बिसरपानी से पहुंचे ग्रामीणों ने अस्पताल में मचाया हंगामा, 10 लाख रुपये मुआवजा व नौकरी की मांग
अंबिकापुर। राज्यपाल का काफिला निकलते ही पीछे से आ रही अज्ञात इनोवा वाहन के चालक ने सरगुजा जिला के मैनपाट क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बिसरपानी की महिला को तेज रफ्तार में उड़ा दिया। घायल महिला की मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इसकी खबर शुक्रवार को मैनपाट के ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों को मिली, तो वे चार वाहनों में सवार होकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर पहुंचे। इसके बाद तनातनी की स्थिति बन गई। काफी संख्या में ग्रामीणों के अस्पताल आने की खबर पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों को पहले से मिल चुकी थी और वे अलर्ट थे। अस्पताल में पुलिस अधिकारियों के साथ ही जवान तैनात थे। ग्राम पंचायत बिसरपानी से पहुंचे ग्रामीणों का आरोप था कि हादसे में महिला की मौत के बाद भी उसका उपचार किया जा रहा था, हालांकि अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस बात से इन्कार किया गया है। ग्रामीणों ने मृत महिला के स्वजन को 10 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। इधर प्रशासन की ओर से तात्कालिक सहायता राशि देने के साथ आगे वैधानिक कार्रवाई करने आश्वस्त किया गया है। काफी उहापोह की बनी स्थिति के बीच मृत महिला का पोस्टमार्टम शुक्रवार को दोपहर के बाद हो पाया।
जानकारी के मुताबिक गुरूवार को सरगुजा के मैनपाट में राज्यपाल रमेन डेका का आगमन होना था, इसके लिए पूर्व से ही प्रशासन की ओर से भव्य तैयारियां की गई थी। इसी क्रम में राज्यपाल के मैनपाट आगमन दौरान उनका काफिला प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उल्टापानी पहुंचा। यहां से वापसी के समय शाम को लगभग 4 बजे काफिले में मौजूद सफेद रंग की इनोवा वाहन की चपेट में ग्राम पंचायत बिसरपानी की सुनी मझवार पति स्व. नानसाय मझवार 55 वर्ष के आने का आरोप ग्रामीण लगा रहे हैं, वहीं प्रशासनिक सूत्र अज्ञात वाहन की ठोकर से घायल महिला के मौत होने की जानकारी दे रहे हैं। इनका कहना है कि काफिले के साथ चल रही पुलिस ने ही घायल महिला को नर्मदापुर स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया था। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद रेफर करने पर उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लाया गया, यहां आईसीयू में भर्ती करके उसका उपचार किया जा रहा था। इलाज के दौरान देर रात लगभग 1.30 बजे महिला की मौत हो गई थी।
भाई के दाह संस्कार से लौट रही थी मृतका
ग्राम पंचायत बिसरपानी की सरपंच फुलासो मझवार, उपसरपंच ओंकारनाथ यादव ने बताया कि उल्टापानी की सुनी मझवार के भाई बली मझवार की मौत बुधवार को हो गई थी। भाई के दाह संस्कार कार्यक्रम में शामिल होकर सुनी मझवार शाम को लगभग 4 बजे अपने घर लौट रही थी। इनका कहना है कि उरांव मोहल्ला के पास से गुजर रहे राज्यपाल के काफिला में मौजूद एक इनोवा वाहन की जोरदार टक्कर से महिला लगभग 10 मीटर दूर फेंका गई। महिला के पति की दो माह पहले टीबी बीमारी से मौत हो गई थी, इसके बाद घर में वह अपने पुत्र और बहू के साथ रह रही थी।
मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे कलेक्टर-एसपी
गुरूवार की रात को लगभग 9 बजे मेडिकल कॉलेज अस्पताल सरगुजा कलेक्टर विलास भोस्कर, पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल सहित अन्य अधिकारी पहुंचे और आईसीयू में भर्ती महिला की स्थिति का जायजा लिए। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री के गृह जिला जशपुर के कुनकुरी रोड में श्रद्धालुओं से भरी पिकअप पलटने से घायल हुए लोगों के बारे में जानकारी ली, जिन्हें कुनकुरी स्वास्थ्य केन्द्र से प्राथमिक चिकित्सा के बाद रेफर किया गया था। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अविनाश मेश्राम, सीएमएचओ डॉ. पीएस मार्को, अस्पताल अधीक्षक डॉ. आरसी आर्या सहित अन्य चिकित्सकों से चर्चा के बाद भर्ती महिला को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। सीएमएचओ, डीन, अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी देर रात तक अस्पताल में ही डटे रहे। घायलों को आपातकालीन चिकित्सा परिसर में उपचार के बाद जरूरत के अनुरूप आईसीयू में शिफ्ट किया गया, जहां सभी का उपचार चल रहा है, कुछ की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
पिकअप पलटने से घायल 9 घायल लाए गए मेडिकल कॉलेज अस्पताल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह जिला जशपुर में दो दिनों के अंदर दो बड़े हादसे हुए। बुधवार को मयाली में नाव हादसा के बाद कुनकुरी में गुरुवार को पिकअप पलटने से 24 श्रद्धालु घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक चिकित्सा के बाद कुनकुरी स्वास्थ्य केन्द्र से गंभीर रूप से घायल 9 श्रद्धालुओं को रेफर कर दिया गया, इनका उपचार मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में चल रहा है।
बताया जा रहा है कि कुनकुरी के हर्राडांड इलाके में तेज रफ्तार पिकअप बेकाबू होकर पलट गई थी, इसमें करीब 35 लोग सवार थे। सभी पकरीकछार के रहने वाले हैं, जो पंडित प्रदीप मिश्रा के शिव महापुराण कथा में शामिल होकर पिकअप से पकरीकछार जा रहे थे, इसी दौरान कुनकुरी रोड में यह हादसा हुआ। जशपुर पुलिस के मुताबिक जल्दी पहुंचने के चक्कर में चालक पिकअप को तेज गति से दौड़ा रहा था। शासकीय चिकित्सालय कुनकुरी के डॉ. शेरा टोप्पो के अनुसार हादसे में घायल 24 लोगों को अस्पताल लाया गया था, जिसमें से 9 घायलों को प्राथमिक चिकित्सा के बाद कुनकुरी स्वास्थ्य केन्द्र से रेफर किया गया है।
इन घायलों का चल रहा उपचार
मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में लाए गए घायलों में निशा खलखो 20 वर्ष, इशा खलखो 40 वर्ष, सुखमनी 33 वर्ष, सरिता चौहान 30 वर्ष, रोहित कुजूर 25 वर्ष, साधना 14 वर्ष, बासमति 26 वर्ष, मिन्नी बाई 65 वर्ष, गरिमा 18 वर्ष शामिल हैं, इनमें से रोहित कुजूर को वेंटीलेटर में रखा गया है और समुचित चिकित्सा सुविधा प्रदान की जा रही है।

Spread the love