दुर्घटना के बाद ट्रक छोड़कर भागा चालक, आक्रोशित लोगों ने ट्रक को आग के हवाले किया
अंबिकापुर। सरगुजा जिला के सीतापुर थाना क्षेत्र में बुधवार को ग्राम बिशनपुर प्लांट के पास एनएच 43 पर दोपहर लगभग 12 बजे ट्रक (कंटेनर) और बोलेरो में जबरदस्त भिड़ंत हो गई, जिसमें बोलेरो में सवार एक मासूम सहित 05 की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 06 लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद गुस्साई भीड़ ने कंटेनर में आग लगा दिया। घायलों को उपचार के लिए सीतापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद 07 घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया। दुर्घटना में बोलेरो वाहन के परखच्चे उड़ गए।
जानकारी के मुताबिक बोलेरो वाहन क्रमांक सीजी 15 ईडी 7078 में सवार रेवापुर-सखौली निवासी 11 लोग महाशिवरात्रि पर सीतापुर के किलकिला शिव मंदिर गए थे। दोपहर करीब 12.30 बजे मंदिर से दर्शन के बाद वापस लौटते समय सीतापुर नेशनल हाईवे-43 पर विशुनपुर गांव के पास कंटेनर से टक्कर में बोलेरो वाहन पलट गई। दुर्घटना में रेवापुर-सखौली निवासी राजकुमार अगरिया 61 वर्ष, अंजली अगरिया 26 वर्ष, सूरज अगरिया 13 वर्ष और एक मासूम माही की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं बोलेरो सवार विवान पिता संजय अगरिया 4 वर्ष, मनोहर सिंह चालक 30 वर्ष, रुपनी पति चक्रधारी 30 वर्ष, दीपिका पति चक्रधारी 10 वर्ष, भगिता पति संजय 26 वर्ष, दुलारी 35 वर्ष घायल हो गए। वाहन में सवार देवा अगरिया पिता राजकुमार 13 वर्ष सुरक्षित है। घायलों को तत्काल एंबुलेंस से सीतापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भेजा गया। यहां से चालक को छोड़कर 6 घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया गया था, इसमें से एक बालक आयुष रास्ते में ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक का चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग गया। मौके की स्थिति को देखकर आक्रोशित लोगों ने ट्रक में आग लगा दी। पुलिस आरोपी ट्रक चालक का पता लगाने की कोशिश कर रही है। घटना से रेवापुर क्षेत्र में शोक का माहौल है।
मृतकों में ये हैं शामिल
राजकुमार अगरिया 60 वर्ष, अंजली अगरिया पिता राजकुमार अगरिया 25 वर्ष, सूरज अगरिया 13 वर्ष, माही 01 वर्ष, आयुष 12 वर्ष।
मुख्यमंत्री ने हादसे पर शोक व्यक्त किया
फोटो-विष्णुदेव साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर दुर्घटना के बाद लिखा कि सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में बोलेरो-कंटेनर के बीच हुई सड़क दुर्घटना में 4 लोगों की मृत्यु की खबर अत्यंत दु:खद है। हादसे में 6 लोगों के आंशिक रूप से घायल होने की भी खबर है। सरगुजा जिला प्रशासन द्वारा घायलों को त्वरित इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। प्रशासन को बेहतर चिकित्सकीय व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। ईश्वर से दिवंगतों की आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने व घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। सीएम ने यह पोस्ट हादसे के वक्त किया है, इसके बाद एक और बालक की जान चली गई है।
