मतदान दल कड़ी सुरक्षा के साथ पोलिंग बूथ पहुंचे, प्रात: 08 बजे से शाम 05 बजे तक होगा मतदान
अंबिकापुर। नगरीय निकाय आम निर्वाचन 2025 अंतर्गत आज 11 फरवरी को प्रात: 08 बजे से सायं 05 बजे तक मतदान होगा। सोमवार को जिले के शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज अंबिकापुर से नगर पालिका निगम अंबिकापुर, नगर पंचायत सीतापुर और नगर पंचायत लखनपुर में नगरीय निकाय निर्वाचन के लिए प्रात: 10 बजे से मतदान सामग्री का वितरण किया गया। नगर पालिक निगम अंबिकापुर में 1,21,454 मतदाता हैं, जिसमेें पुरुष की संख्या 59,644, महिलाओं की संख्या 61,800, थर्ड जेंडर की संख्या 10 हैं। वहीं लखनपुर नगर पंचायत में मतदाताओं की संख्या 5692 है, जिसमें पुरुषों की संख्या 2696 है, महिलाओं की संख्या 2996 हैं, नगर पंचायत सीतापुर में मतदाताओं की संख्या 7131 है, जिसमें पुरुष की संख्या 3451 और महिलाओं की संख्या 3680 है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन) विलास भोसकर ने स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए मतदान दलों को शुभकामनाएं दी। इस दौरान निर्वाचन प्रेक्षक डॉ. संतोष कुमार देवांगन, उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुनील कुमार नायक, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त डीएन कश्यप, एसडीएम फागेश सिन्हा, सहायक नोडल अधिकारी गिरीश गुप्ता सहित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे। जिले के तीनों नगरीय निकायों के स्ट्रांग रूम में सामग्री वितरण के काउंटर बनाए गए हैं। सामग्री वितरण के लिए अधिकारी-कर्मचारी नियुक्त किए गए है। प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में स्ट्रांग रूम खोला गया। यहां मतदान सामग्री के लिए बनाए गए काउंटर से मतदान दल के पीठासीन अधिकारी एवं कर्मचारियों ने मतदान सामग्री प्राप्त कर मतदान सामग्री का मिलाना किया। इसके पश्चात सेक्टर अधिकारी सहित अपने निर्धारित मतदान केन्द्रों तक कड़ी सुरक्षा के साथ मतदान दल पहुंचा। नगरीय निकाय निर्वाचन हेतु सुरक्षा व्यवस्था के प्रर्याप्त इतंजाम किए गए हैं, पुलिस, नगर सेना,फोरेस्ट गार्ड और कोटवार सहित तकरीबन 500 से अधिक जवानों को शांतिपूर्ण निर्वाचन के लिए तैनात किया गया है। नगरीय निकाय में सेक्टर अधिकारियों सहित तकरीबन 700 अधिकारी-कर्मचारियों को स्वतंत्र निर्वाचन हेतु ड्यूटी लगाई गई है। नगरीय निकाय क्षेत्रों में कुल 10 मतदान केंद्रों को संवेदनशील चिन्हित किया गया है, जिसमें अंबिकापुर नगर निगम में 08 एवं लखनपुर में 02 मतदान केंद्र शामिल हैं। निर्वाचन कार्य के लिए अंबिकापुर में 47, सीतापुर में 5 और लखनपुर में 4 वाहन आवंटित किए गए हैं।
निर्वाचन हेतु बनाए गए आदर्श मतदान केंद्र
नगरीय निकाय निर्वाचन 2025 हेतु जिले में 07 आदर्श मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें नगर निगम अंबिकापुर में 05 आदर्श मतदान केंद्रों में मतदान केंद्र क्रमांक 55 प्राशा केदारपुर गुरु घासीदास वार्ड, मतदान केंद्र क्रमांक 25 बीटीआई अंबिकापुर, मतदान केंद्र क्रमांक 78 शासकीय कन्या उमा विद्यालय अबिकापुर, मतदान केंद्र क्रमांक 96 शा. कन्या महाविद्यालय अंबिकापुर एवं मतदान केंद्र क्रमांक 109 नगर पालिका हाई स्कूल अंबिकापुर को आदर्श मतदान केंद्र बनाया गया है, इसी तरह नगर पंचायत सीतापुर में वार्ड क्रमांक 03 अग्रसेन वार्ड को आदर्श मतदान केंद्र बनाया गया है। नगर पंचायत लखनपुर में वार्ड क्रमांक 07 दीन दयाल उपाध्याय वार्ड को आदर्श मतदान केंद्र बनाया गया है।
ईवीएम मशीन के माध्यम से होगा मतदान
नगरीय निकाय निर्वाचन 11 फरवरी को ईवीएम मशीन के माध्यम से मतदान संपन्न कराया जाएगा। मतदान के पूर्व अभ्यर्थियों के एजेंट की उपस्थिति में मॉक पोल की प्रक्रिया की जाएगी। ईवीएम मशीन में दो भाग दिखाई देगा, जिसमें पहले भाग में महापौर/अध्यक्ष तथा दूसरा भाग पार्षद के लिए होगा। मतदान अधिकारी द्वारा वोटिंग के लिए अनुमति के बाद मतदाता द्वारा सफेद पार्ट में महापौर की बटन दबाने पर छोटी बीप, फिर गुलाबी पार्ट में पार्षद का बटन दबाने पर लंबी बीप आएगी तब जाकर मतदान पूरा होगा।
48 वार्ड के लिए 143 मतदान केंद्र बनाए गए
अंबिकापुर नगर निगम के 48 वार्ड के लिए 143 मतदान केंद्रों के लिए पीठासीन एवं मतदान अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, जिसमें 27 पीठासीन एवं मतदान दलों को रिजर्व रखा गया है। इसी तरह सीतापुर नगर पंचायत के 15 वार्ड के 15 मतदान केंद्र के लिए पीठासीन एवं मतदान अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, जिसमें 4 पीठासीन एवं मतदान दलों को रिजर्व रखा गया है। लखनपुर नगर पंचायत के 15 वार्ड के लिए 15 मतदान केंद्रों में पीठासीन एवं मतदान दलों की नियुक्ति की गई है, जिसमें 4 पीठासीन एवं मतदान दलों को रिजर्व रखा गया है।
महापौर के लिए 06 अभ्यर्थी मैदान में
नगर पालिक निगम अंबिकापुर अंतर्गत निर्वाचन में महापौर हेतु 06 अभ्यर्थी चुनावी मैदान में हैं, जिसमें इंडियन नेशनल कांग्रेस से डॉ. अजय कुमार तिर्की, भारतीय जनता पार्टी से मंजूषा भगत, बहुजन समाज पार्टी से प्रकाश कुमार किस्पोट्टा, आम आदमी पार्टी से राजीव लकड़ा, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से माधुरी सिंह सांडिल्य, हमर राज पार्टी से तरूण कुमार भगत निर्वाचन प्रक्रिया में किस्मत आजमा रहे हैं। वहीं नगर पालिका निगम अम्बिकापुर के कुल 48 वार्डों हेतु 124 अभ्यर्थी निर्वाचन में हिस्सा लेंगे।
नपं लखनपुर में अध्यक्ष के 03 दावेदार
नगर पंचायत लखनपुर में अध्यक्ष पद हेतु 03 अभ्यर्थी चुनावी मैदान में है, जिसमें भारतीय जनता पार्टी से सावित्री साहू, इंडियन नेशनल कांग्रेस से शिखा रमेश जायसवाल एवं निर्दलीय प्रत्याशी अनिशा गुप्ता अध्यक्ष पद के लिए अपना किस्मत आजमा रहे हैं। यहां के 15 वार्डों हेतु पार्षद के लिए 32 अभ्यर्थी मैदान में हैं।
नपं सीतापुर में अध्यक्ष के 03 दावेदार
नगर पंचायत सीतापुर में अध्यक्ष हेतु अभ्यर्थियों की संख्या 03 है। भारतीय जनता पार्टी से अमृता पैंकरा, इंडियन नेशनल कांग्रेस से प्रेमदान कुजूर एवं निर्दलीय प्रत्यशी गिरधर राम भगत चुनावी मैदान में हंै। वहीं 15 वार्डों हेतु पार्षद के लिए निर्वाचन में हिस्सा लेने वाले अभ्यर्थियों की संख्या 40 है।
मतदान दिवस पर सार्वजनिक अवकाश घोषित
छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग, रायपुर के निर्देशानुसार 11 फरवरी 2025, मंगलवार को सरगुजा जिलांतर्गत संपूर्ण नगरीय निकाय निर्वाचन क्षेत्रों नगरपालिक निगम अंबिकापुर, नगर पंचायत लखनपुर, नगर पंचायत सीतापुर में मतदान दिवस पर मतदान के लिए सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।
डाक मतपत्र के जरिए अधिकारी-कर्मचारियों ने किया मतदान
फोटो
नगरीय निकाय आम निर्वाचन 2025 के अंतर्गत जिले के तीन नगरीय निकायों में 11 फरवरी को मतदान होना है। इसके पहले मतदान ड्यूटी में संलग्न अधिकारी, कर्मचारियों ने डाक मतपत्र के जरिए अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अंबिकापुर नगर निगम महापौर के लिए 15 एवं पार्षद के लिए 15 डाक मत पत्र से मतदान किए गए, वहीं नगर पंचायत सीतापुर के अध्यक्ष के लिए 39 एवं पार्षद के लिए 38 डाक मतपत्र से मतदान किए गए हैं।

घर के सामने से स्कूटी चोरी
छ.ग.फ्रंटलाइन
अंबिकापुर। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत महामाया रोड पुरी रेस्ट हाउस के पीछे रहने वाली गुरप्रीत कौर छाबड़ा का स्कूटी अज्ञात लोगों ने चोरी कर लिया। महिला ने पुलिस को बताया है कि 6 फरवरी की शाम को लगभग 5.30 बजे वह को अपनी स्कूटी क्रमांक सीजी 15 सीएस 9134 को अपने घर के बाहर खड़ा किया था। रात 9 बजे जब वह बाहर निकली तो स्कूटी नहीं थी। रिपोर्ट पर पुलिस ने केस दर्ज करके विवेचना में लिया है।

Spread the love