अंबिकापुर। प्रचार के अंतिम दिन शहर के कई वार्डों में पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और डॉ. अजय तिर्की ने संयुक्त रूप से प्रचार किया। इस दौरान आम जनता का स्पष्ट समर्थन देखने को मिला। जगह-जगह महिलाओं ने दोनों का स्वागत आरती उतार कर किया। फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया गया। पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि वार्डों में प्रचार-प्रसार के दौरान आमजन से जो प्रतिसाद मिला है वो बेहद असाधारण है। मुझे विश्वास है कि कांग्रेस नगर निगम अंबिकापुर में फिर से जनता की सेवा के लिए आ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अंबिकापुर की जनता से चर्चा कर अपना घोषणा पत्र तैयार किया है। इस घोषणा पत्र पर अमल करते हुए हम शहर को एक बार फिर नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।
मतदान के एक दिन पूर्व कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी डॉ. अजय तिर्की ने शहर के मुख्य मार्गों में डोर-टू-डोर प्रचार किया। पखवाड़े भर के जनसंपर्क के बाद उन्होंने विश्वास जताया है कि अंबिकापुर शहर की जनता एक बार फिर कांग्रेस में भरोसा जताएगी। उन्होंने कहा कि हमने शहर के लिए व्यवहारिक और उपयोगी घोषणा पत्र दिया है, जो कि जन सरोकार से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में ही वो क्षमता है जिससे शहर को एक विशिष्ट पहचान मिल सकती है। ये काम सिर्फ हमने किया है और आगे भी हम ही करेंगे। पूर्व उपमुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव और डॉ. अजय तिर्की ने शहर की जनता से अधिक से अधिक मतदान की अपील की है। पूर्व उपमुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव ने कहा है कि इस बार एक ही ईवीएम में 2 बार बटन दबाकर महापौर और पार्षद उम्मीदवारों को मतदान करना है। पूर्ण मतदान के लिए सतर्कता के साथ मतदान करें।
