अंबिकापुर। कांग्रेस पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी के द्वारा अंबिकापुर नगर निगम चुनाव में आचार संहिता के उल्लंघन को लेकर राज्य निर्वाचन अधिकारी के समक्ष तीन शिकायतें दर्ज कराई है। बताया गया है कि वीर सावरकर वार्ड क्रमांक 7 से भाजपा के प्रत्याशी विपिन पांडेय के द्वारा प्रचार वाहन से यह एनाउंसमेंट कराया जा रहा है कि मुख्यमंत्री अपने दौरे में नजूल जमीन पर काबिज लोगों को नि:शुल्क पट्टा देंगे, जो कि आचार संहिता का उल्लंघन है। वहीं भाजपा के द्वारा प्रचार के दौरान ऐसे पम्पलेट बांटने की जानकारी दी गई है, जिसके शीर्ष पर राज्य शासन का मोनो है। पम्पलेट में भाजपा से महापौर प्रत्याशी मंजूषा भगत और पार्षद प्रत्याशी विशेष केशरवानी सहित भाजपा के निशान कमल फूल का फोटो है। इस पम्पलेट के माध्यम से वोट की अपील की गई है और नीचे राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जनहित में जारी उल्लेखित है। कांग्रेस ने कहा है कि भाजपा इस प्रकार के पम्पलेट छपवाकर मतदाताओं को भ्रमित कर रही है। इन पम्पलेट पर न तो मुद्रक का नाम है न ही प्रिंट संख्या दर्ज है। यह एक प्रकार से राज्य निर्वाचन आयोग के साथ ही राज्य सरकार के मोनो का चुनाव प्रचार में अवैध उपयोग है। इसी क्रम में भाजपा के द्वारा बिना अनुमति के शहर में कई कटआउट खड़ा करने की जानकारी देते हुए इसकी भी शिकायत दर्ज कराई गई है।

एक बार फिर अंबिकापुर को स्वच्छता के क्षेत्र में सिरमौर बनाएंगे-टीएस
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने अंबिकापुर नगर निगम का घोषणापत्र जारी किया

राजीव भवन में पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कांग्रेस जिला अध्यक्ष राकेश गुप्ता सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में अंबिकापुर नगर निगम का घोषणा पत्र जारी किया। उन्होंने घोषणापत्र में उल्लेखित 17 कण्डिकाओं का वाचन करते हुए बताया कि स्वच्छता के क्षेत्र में हमने अंबिकापुर को अंतर्राष्ट्रीय ख्याति दिलाई है, एक बार फिर अंबिकापुर को इस क्षेत्र में सिरमौर बनाएंगे। 10 वर्ष पूर्व अंबिकापुर की 40 प्रतिशत आबादी पेयजल संकट से गुजर रही थी। बांकी बांध के गिरते जलस्तर के बावजूद अमृत मिशन के सुदृढ़ क्रियान्वयन से शहर की पेयजल संकट को समाप्त किया गया। शहर की बढ़ती आबादी और बांकी बांध के गिरते जलस्तर के भावी परिप्रेक्ष्य को ध्यान में रखते हुए घुनघुट्टा बांध से एक और नवीन एमएलडी का वाटर फिल्टर प्लांट स्थापित किया जाएगा। गोधनपुर, नमनाकला एवं पुराना बस स्टैंड में 20 लाख लीटर की क्षमता के नवीन पानी टंकी का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर के अंदर की मुख्य सड़कें जो एनएच और लोक निर्माण विभाग के अंदर आती हैं, उन्हें नगर निगम को हैंड ओवर कराने का प्रयास करेंगे, ताकि इसका नियमित रख-रखाव सुनिश्चित किया जा सके। अंबिकापुर शहर में बढ़ते ट्रैफिक को लेकर नवीन मार्ग स्थापित किए जाएंगे। अंबिकापुर बॉयपास का टेंडर लग चुका है एवं जमीन अधिग्रहण की कार्रवाई शुरू है, इसे देखते हुए अंबिकापुर की रिंग रोड और बायपास को जोड़ते हुए लिंक सड़कों की स्थापना की जाएगी। युवाओं को नशे के गर्त से उबारने के लिए शहर में नि:शुल्क नशा मुक्ति केंंद्र खोला जाएगा। 10 नवीन उद्यानों का निर्माण किया जाएगा। जल संरक्षण की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से ठोस कार्य किए जाएंगे। अंबिकापुर शहर के तालाबों का जीर्णोद्धापर जारी रहेगा। सभी धर्म के अंतिम संस्कार स्थलों को बेहतर सुविधायुक्त बनाया जाएगा। साथ ही शवों के सम्मानजनक अंतिम संस्कार की व्यवस्था की जाएगी। आवारा पशुओं से निजात दिलाने के लिए पशु संरक्षण समाज सेवी संस्थाओं के साथ मिलकर करेंगे, इसके लिए पशु सहायता केंद्रों की स्थापना की जाएगी। पशुओं के अंतिम संस्कार की भी व्यवस्था की जाएगी। शहर में सर्व सुविधायुक्त ऑटो एवं ई रिक्शा के लिए पार्किंग एवं चार्जिंग व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कांग्रेस की निकाय सरकार पर पिछले 5 वर्षों में किसी प्रकार का काम नहीं करने का आरोप भाजपा लगा रही है। वे स्वयं वार्डों का भ्रमण किए, इस दौरान हुए क्या काम किए गए हैं, यह स्पष्ट देखने को मिल रहा है। कांग्रेस के कार्यकाल में वर्ष 2014 से 18-19 के बीच 122 करोड़ के 1050 छोटे-बड़े निर्माण कार्य किए गए हैं। वर्तमान में निकाय की सरकार के कार्यकाल समाप्ति पूर्व तक 255 करोड़ से अधिक के कार्य निगम क्षेत्रांतर्गत किए गए। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता बालकृष्ण पाठक, अजय अग्रवाल, शफी अहमद, डॉ. अजय तिर्की, जेपी श्रीवास्तव, अनूप मेहता, आशीष वर्मा, अशफाक अली, मदन जायसवाल सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित थे।
भारतीय परिवारों को बेड़ियों में बांधकर भारत भेजना देश के लिए घोर अपमानजनक
पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने अमेरिका में रहने वाले 18 हजार भारतीय परिवारों को हथकड़ी और बेड़ियों में बांधकर हवाई मार्ग से भारत भेजने के कृत्य को देश के लिए घोर अपमानजनक बताया और इसकी कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार देश के मान-सम्मान को सुरक्षित रखने में अक्षम है। संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अमेरिका में रहने वाले अन्य लाखों लोगों के दस्तावेजों में शंका व्यक्त किया है। भारत पूरे विश्व को एक परिवार मानता है। घोर अपमान की स्थिति में देश को एक साथ खड़े होकर अमेरिका को माकूल जवाब देना चाहिए। बेड़ियों में जकड़कर लाए गए भारतीय जिनमें महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग सभी शामिल हैं, 40 घंटे का सफर सेना के हवाई जहाज में तय किए, जिसमें एक वाशरूम था। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य ही कहा जाए कि भारत देश के प्रधानमंत्री अमेरिका में अबकी बार ट्रंप सरकार की गूंज के बीच चुनाव प्रचार में भाग लिए। इनके मैत्री, संबंध और रिश्ते की बात आई। इसके बाद ट्रंप ने उन्हें अपने शपथ ग्रहण समारोह में नहीं बुलाया। यहां से भारत का अपमान शुरू हुआ। केंद्र की वर्तमान सरकार ने इसी प्रकार बांग्लादेश में हिंदू धर्म के नागरिकों को पूर्ण रूप से असुरक्षित छोड़ दिया है। सरकार रक्षा-सुरक्षा के लिहाज से जायज प्रभाव सुनिश्चित नहीं कर पा रही है। सिंहदेव ने कहा कि देश के घोर अपमान को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आव्हान पर विरोध प्रदर्शन, पुतला दहन करने का निर्णय लिया गया है।

Spread the love