अंबिकापुर। अंबिकापुर नगर निगम चुनाव में चंद दिन ही शेष है, इसके पहले कांग्रेस और भाजपा ने सियासती उबाल के बीच बुधवार को लगभग एक घंटे के अंतराल में अपना-अपना जन घोषणा पत्र और वचन पत्र सामने लाया है। दोनों ही पार्टियों के दिग्गज नेताओं ने अपने पार्टी कार्यालयों में पत्रकारों के बीच इसे साझा किया और की गई घोषणाओं को जनहित से जुड़ा बताया। जहां एक ओर भाजपा ने 31 कंडिकाओं में मोदी की गारंटी और विष्णु के सुशासन का उल्लेख करके महापौर और पार्षद प्रत्याशियों को जीत सुनिश्चित करने का आव्हान किया, वहीं कांग्रेस ने नगरीय निकाय चुनाव 2025 के लिए जारी किए गए घोषणा पत्र में 34 बिंदुओं में कई लोक-लुभावन घोषणाएं की हैं। बड़ी घोषणा निकाय के कर्मचारियों के हित से जुड़ा हुआ है। महिलाओं को लुभाने की दोनों ही पार्टियों ने कोशिश की है। एक तरफ भाजपा का वचन पत्र, दूसरी ओर कांग्रेस का जन घोषणा पत्र जारी होने के बाद सवाल यह उठ रहा है कि विशेषकर महापौर के चुनाव में किसी एक पक्ष की जीत होगी। पार्षदों में किसका बहुमत रहेगा, यह तो आने वाला समय ही बताएगा। अगर भाजपा निकाय की सत्ता में महापौर की सीट के साथ कब्जा करती है, तब तो डबल इंजन की सरकार इनकी घोषणाओं को मूर्तरूप देने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। अगर महापौर की सीट किसी कारणवश डबल इंजन सरकार के पाले नहीं पड़ती है, उस परिस्थिति में की गई घोषणाओं के प्रति भाजपा की डबल इंजन सरकार कितना मेहरबान होगी।

Spread the love