अंबिकापुर। नवपदस्थ पुलिस महानिरीक्षक 2007 बैच के (आईपीएस) दीपक कुमार झा ने 24 अप्रैल को सरगुजा रेंज का पदभार ग्रहण किया। स्थानांतरित पुलिस महानिरीक्षक अंकित गर्ग एवं नव पदस्थ पुलिस महानिरीक्षक की उपस्थिति में पदभार का आदान-प्रदान किया गया। सरगुजा रेंज आगमन पर सर्वप्रथम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश अग्रवाल एवं जिले के राजपत्रित अधिकारियों द्वारा पुष्प गुच्छ भेंट करके उनका स्वागत किया गया, तत्पश्चात सलामी गॉर्ड ने पुलिस महानिरीक्षक को सलामी दी। पदभार ग्रहण करने पश्चात जिले के पुलिस अधीक्षक एवं राजपत्रित पुलिस अधिकारियों से परिचय प्राप्त कर जिले की वस्तुस्थिति से वे अवगत हुए। सामान्य बैठक पश्चात पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय के समस्त शाखाओं का भ्रमण कर ऑफिस के समस्त स्टॉफ से रूबरू हुए और उनके कार्यों का अवलोकन किया। सरगुजा रेंज में पदस्थापना पूर्व दीपक कुमार झा राजनांदगांव रेंज के आईजी रहे।