त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में 05 सीटों पर निर्दलियों का कब्जा, 01 का परिणाम आना शेष
फोटो-मोनो त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2025
अंबिकापुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के मतदान में अविभाजित सरगुजा से तीन जिला पंचायतों की कुल 10 सीटों में 03 भाजपा व 01 सीटें कांगे्रस के खाते में गईं है, जबकि 5 निर्दलियों ने जीती है, एक अन्य का परिणाम आना शेष है। सूरजपुर जिले में भाजपा से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ीं भरजपुर सोनहन की विधायक रेणुका सिंह की बेटी मोनिका सिंह ने चुनाव जीता है। सूरजपुर में 04 सीटों पर चुनाव हुए हैं, जिसमें एक-एक सीट पर भाजपा व कांग्रेस ने चुनाव जीता है। सरगुजा की बात करें तो यहां भाजपा व कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा है। यहां चारों सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी का कब्जा रहा है। हालांकि 02 निर्दलीय प्रत्याशी ऐसे हैं जो कांग्रेस समर्थित हैं, जबकि चुनाव इन्होंने अपने दम पर लड़ा है। बलरामपुर की बात करें तो यहां दोनों सीटों पर भाजपा की जीत हुई है।
सरगुजा में दूसरे चरण का चुनाव मैनपाट व सीतापुर ब्लॉक में हुआ। जनपद पंचायत मैनपाट क्षेत्र 13 में 8 प्रत्याशी मैदान में थे। यहां से निर्दलीय प्रत्याशी अखिलेश कुजूर ने चुनाव जीता है। भाजपा समर्थित प्रत्याशी सेतराम बड़ा चुनाव हार गए हैं। इस सीट के लिए कांग्रेस ने प्रत्याशी घोषित नहीं की थी। निर्दलीय चुनाव जीते अखिलेश कुजूर को कांग्रेस का समर्थन था। वहीं क्षेत्र क्रमांक 14 के लिए 04 अभ्यर्थी मैदान में थे। यहां से भी निर्दलीय प्रत्याशी रत्नी माझी ने चुनाव जीता है। भाजपा समर्थित प्रत्यशी बसंती एक्का चुनाव हार गई हैं। निर्दलीय चुनाव जीतीं रत्नी माझी को कांग्रेस का समर्थन था। जनपद पंचायत सीतापुर क्षेत्र क्रमांक 11 से 05 प्रत्याशी मैदान में थे। क्षेत्र क्रमांक 11 से भाजपा समर्थित शकुंतला पैकरा चुनाव हार गई हैं। यहां से कांग्रेस समर्थित प्यासो बाई मनसुख जीत दर्ज की हैं। वहीं क्षेत्र क्रमांक 12 से भाजपा समर्थित प्रत्याशी धनेश्वर राम चुनाव हार गए हैं। यहां से कांग्रेस समर्थित शिव भरोश बेक चुनाव जीते हैं।
धीरज सिंहदेव ने बड़ी जीत हासिल की, नहीं खुला कांग्रेस का खाता
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के तहत जिला पंचायत सदस्यों के चुनाव में कांग्रेस की स्थिति काफी खराब है। दो चरण गुजरने के बाद जिला पंचायत सदस्य चुनाव में कांग्रेस का खाता नहीं खुल सका है। पहले चरण में 6 सीटों पर मतदान हुआ था, ये सभी भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने जीत ली थी। अब दूसरे चरण में बलरामपुर जनपद में दो सीटों पर चुनाव हुए, इसमें भी भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत हुई है, इससे जिला पंचायत में भाजपा का कब्जा होना तय है। दूसरे चरण में हुए मतदान के परिणाम सामने आ गए हैं। क्षेत्र क्रमांक 07 खोभी से भाजपा समर्थित उम्मीदवार अनीता मरकाम ने कांग्रेस के बुद्धदेव पोया को 1500 वोटों से हरा दिया है। अनीता मरकाम को 10,500 मत प्राप्त हुए और बुद्धदेव पोया को 8000 मत प्राप्त हुए। क्षेत्र क्रमांक 08 तातापानी से भाजपा समर्थित उम्मीदवार धीरज सिंहदेव ने बड़ी जीत हासिल की है। यहां कांग्रेस समर्थित सहित 5 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई है। धीरज सिंहदेव ने 33 हजार मतों से कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार गौर विश्वास को पराजित किया है। इससे पहले पहले चरण में हुए मतदान में भाजपा समर्थित उम्मीदवार हीरामुनि निंकुज, संजीता, गीता पैंकरा, सिद्धनाथ पैंकरा, रवि प्रताप मरावी व अनार सिंह ने जीत हासिल की थे। इस तरह जिला पंचायत के 08 सीटों पर कब्जा हो गया है।

Spread the love