पार्षदों में टॉप फाइव रहे-शफी अहमद, मो. हसन खान, मो. बाबर, सुशांत घोष, किरण साहू
नपं लखनपुर से अध्यक्ष पद हेतु भाजपा की सावित्री साहू, नपं सीतापुर से कांग्रेस के प्रेमदान कुजुर विजयी
अंबिकापुर। नगरीय निकाय निर्वाचन 2025 अंतर्गत हुए चुनाव की मतगणना के बाद परिणाम शनिवार को घोषित किए गए। इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी मंजूषा भगत ने 11,063 वोटों के अंतर से महापौर पद पर जीत दर्ज की। अंबिकापुर नगर निगम के 48 वार्डों में से 31 वार्डों में भाजपा, 15 वार्डों में इंडियन नेशनल कांग्रेस और 2 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है। सर्वाधिक मतों से डॉ. जाकिर हुसैन वार्ड से कांग्रेस के प्रत्याशी शफी अहमद खान ने 1730 मतों से जीत हासिल की। शफी को 1863 मत, भाजपा के विशेष केशरवानी को 133 मत मिले, वहीं 11 लोगों ने नोटा को पसंद किया। रफी अहमद किदवई वार्ड में भाजपा के हार-जीत का समीकरण निर्दलीय प्रत्याशी मो. हसन खान ने बिगाड़ दिया। यहां से कांग्रेस ने प्रत्याशी को मैदान में नहीं उतारा था। निर्दलीय चुनाव लड़कर इन्होंने 1466 मतों के अंतर से भाजपा के प्रत्याशी को परास्त किया। यहां भाजपा के नितिन को 125 मत वहीं निर्दलीय मो. हसन खान को 1591 मत मिले। दो प्रत्याशियों के जमानत जप्त की नौबत बन गई, 25 मत नोटा में पड़े। तीसरे नंबर पर नवागढ़ वार्ड के कांग्रेस प्रत्याशी मो. बाबर ने 947 मतों से जीत हासिल की। मो. बाबर को 2035 मत मिले, वहीं भाजपा के अजय कुमार सारथी 1088 मतों में सिमट गए। 88 लोगों ने नोटा में मतदान किया। चौथे नंबर पर सर्वाधिक मतों से रविन्द्रनाथ टैगोर वार्ड के भाजपा प्रत्याशी सुशांत कुमार घोष ने 1255 मत हासिल करके कांग्रेस के आशीष शील को 907 मतों से पराजित किया। आशीष को 348 मत मिले वहीं निर्दलीय प्रत्याशी नितेश पाल 467 मत प्राप्त करके भाजपा प्रत्याशी के करीब रहे, नोटा में 31 मत पड़े। पांचवें नंबर में कबीर वार्ड से भाजपा की किरण-सूर्यप्रकाश साहू ने 864 मतों के अंतर से जीत हासिल की। किरण को 1281 मत, कांग्रेस की सीमा शैलू सोनी को 417 मत मिले, वहीं नोटा में 34 मत पड़े। कुछ वार्डों में कांटे के टक्कर की स्थिति भी बनी। सामान्य प्रेक्षक डॉ. संतोष कुमार देवांगन की उपस्थिति में उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुनील नायक ने विजयी अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया। महापौर, अध्यक्ष व पार्षद प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित होने के बाद शहर, नगर का माहौल बदल गया और जमकर आतिशबाजी करते हुए विजयी जुलूस निकाला गया। ईवीएम से हुए मतदान के बाद भी देखने को यह मिला कि कुल 01 लाख 21 हजार 454 मतदाताओं में से 75 हजार 797 ने महापौर पद के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसमें अविधिमान्य मतों की संख्या 439 और उपर्युक्त में से कोई नहीं के पक्ष में डाले गए मतों की संख्या 431 रही। अंडरवोट/नो वोट की संख्या 528 है। अधूरे मतों की संख्या 01 है।
जमानत जप्त प्रत्याशियों से अधिक नोटा में पड़े मत
महापौर पद के लिए मचे घमासान के बीच जहां एक ओर मैदान में 6 प्रत्याशी थे, वहीं मुख्य मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के प्रत्याशी के बीच रहा। इस मुकाबले में जहां एक ओर 04 प्रत्याशियों की जमानत जप्त हो गई, वहीं नोटा में पड़े मत भाजपा और कांग्रेस के मुकाबले अन्य 04 प्रत्याशियों को मिले मत के अपेक्षाकृत नोटा में अधिक मत पड़े। महापौर की भाजपा प्रत्याशी मंजूषा भगत को 42,836, कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. अजय तिर्की को 31,773, बहुजन समाज पार्टी प्रत्याशी प्रकाश कुमार किस्पोट्टा को 340, आम आदमी पार्टी के राजीव लकड़ा को 251, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की माधुरी सांडिल्य को 236, हमर राज पार्टी के तरुण कुमार भगत को 361 और नोटा में 431 मत पड़े।
पार्षद पद के दावेदारों में इन्होंने मारी बाजी
वार्ड क्रमांक 01 से भाजपा प्रत्याशी कमलेश तिवारी, वार्ड क्रमांक 2 से भाजपा प्रत्याशी सुशांत घोष, वार्ड क्रमांक 03 से भाजपा प्रत्याशी निरंजन राय, वार्ड क्रमांक 04 से भाजपा प्रत्याशी विनय प्रभा तिग्गा, वार्ड क्रमांक 05 से भाजपा प्रत्याशी डॉ. शिवमंगल सिंह, वार्ड क्रमांक 06 से भाजपा प्रत्याशी आलोक दुबे, वार्ड क्रमांक 07 से भाजपा प्रत्याशी विपिन कुमार पांडे, वार्ड क्रमांक 08 से इण्डियन नेशनल कांग्रेस प्रत्याशी लुकस एक्का, वार्ड क्रमांक 09 से भाजपा प्रत्याशी रविकांत उरांव, वार्ड क्रमांक 10 से इण्डियन नेशनल कांग्रेस प्रत्याशी निमन राशि एक्का, वार्ड क्रमांक 11 से इण्डियन नेशनल कांग्रेस प्रत्याशी जे. कुजूर (जेनेबिबा कुजुर), वार्ड क्रमांक 12 से भाजपा प्रत्याशी मनोज गुप्ता, वार्ड क्रमांक 13 से भाजपा प्रत्याशी किरण दीपक सिंह तोमर, वार्ड क्रमांक 14 से भाजपा प्रत्याशी अनिता रविन्द्र गुप्त भारती, वार्ड क्रमांक 15 से भाजपा प्रत्याशी मनीष सिंह, वार्ड क्रमांक 16 से इण्डियन नेशनल कांग्रेस प्रत्याशी गीता प्रजापति, वार्ड क्रमांक 17 से भाजपा प्रत्याशी सुमन मनोज कंसारी, वार्ड क्रमांक 18 से इण्डियन नेशनल कांग्रेस प्रत्याशी संध्या कंसारी, वार्ड क्रमांक 19 से इण्डियन नेशनल कांग्रेस प्रत्याशी शुभम जायसवाल, वार्ड क्रमांक 20 से भाजपा प्रत्याशी हरमिन्दर सिंह टिन्नी, वार्ड क्रमांक 21 से भाजपा प्रत्याशी विमला सोनी, वार्ड क्रमांक 22 से भाजपा प्रत्याशी श्वेता गुप्ता, वार्ड क्रमांक 23 से भाजपा प्रत्याशी जितेंन्द्र सोनी, वार्ड क्रमांक 24 से भाजपा प्रत्याशी विजय सोनी, वार्ड क्रमांक 25 से भाजपा प्रत्याशी पूनम विद्यानंद मिश्रा, वार्ड क्रमांक 26 से भाजपा प्रत्याशी विशाल गोस्वामी (दूधनाथ), वार्ड क्रमांक 27 से निर्दलीय शैलेश कुमार सिंह, वार्ड क्रमांक 28 से भाजपा प्रत्याशी दीपक यादव (रिंकू), वार्ड क्रमांक 29 से भाजपा प्रत्याशी विकास पाण्डेय, वार्ड क्रमांक 30 से भाजपा प्रत्याशी शशि कान्त जायसवाल, वार्ड क्रमांक 31 से इण्डियन नेशनल कांग्रेस प्रत्याशी कलीम भाई, वार्ड क्रमांक 32 से भाजपा प्रत्याशी शुभ्रा सोनी, वार्ड क्रमांक 33 से इण्डियन नेशनल कांग्रेस प्रत्याशी मेघा खांडेकर, वार्ड क्रमांक 34 से भाजपा प्रत्याशी राहुल त्रिपाठी सन्नी, वार्ड क्रमांक 35 से भाजपा प्रत्याशी सुषमा रोचक गुप्ता, वार्ड क्रमांक 36 से इण्डियन नेशनल कांग्रेस प्रत्याशी मो. मेराज रंगरेज गुड्डू, वार्ड क्रमांक 37 से भाजपा प्रत्याशी प्रियंका गुप्ता, वार्ड क्रमांक 38 से इण्डियन नेशनल कांग्रेस प्रत्याशी पपीन्दर सिंह (रवि), वार्ड क्रमांक 39 से इण्डियन नेशनल कांग्रेस प्रत्याशी शफी अहमद खान, वार्ड क्रमांक 40 से निर्दलीय प्रत्याशी मो. हसन खान, वार्ड क्रमांक 41 से इण्डियन नेशनल कांग्रेस प्रत्याशी मो. बाबर, वार्ड क्रमांक 42 से इण्डियन नेशनल कांग्रेस प्रत्याशी मो. अख्तर फिरदौसी, वार्ड क्रमांक 43 से भाजपा प्रत्याशी ममता तिवारी, वार्ड क्रमांक 44 से भाजपा प्रत्याशी किरण साहू, वार्ड क्रमांक 45 से भाजपा प्रत्याशी अशोक सोनवानी, वार्ड क्रमांक 46 से भाजपा प्रत्याशी सालिम केरकेट्टा, वार्ड क्रमांक 47 से इण्डियन नेशनल कांग्रेस प्रत्याशी मीला तिर्की, वार्ड क्रमांक 48 से इण्डियन नेशनल कांग्रेस प्रत्याशी सुभाष कुमार सिंह पार्षद पद पर जीत हासिल किए।
दिग्गज भी हुए परास्त, पार्टी प्रत्याशियों पर निर्दलीय भी पड़े भारी
नगर निगम के सभापति सहित कांग्रेस सरकार में कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त अजय अग्रवाल इस बार देवीगंज वार्ड से चुनाव लड़े, इन्हें चुनावी दंगल में 386 मत मिले। इसी वार्ड से पूर्व पार्षद रह चुके भाजपा के मनीष सिंह ने 535 मत प्राप्त करके 149 मत से कांग्रेस प्रत्याशी को पछाड़ा। निगम में एमआईसी सदस्य द्वितेन्द्र मिश्रा को वीर सावरकर वार्ड से कांग्रेस ने पार्षद प्रत्याशी बतौर चुनाव मैदान में उतारा था, इन्हें भाजपा के प्रत्याशी विपिन कुमार पांडेय ने 399 मतों से परास्त किया, 48 लोगों ने नोटा को अपना मत समर्पित किया। द्वितेन्द्र को कुल 741 मत, विपिन को 1140 मत मिले। ब्रह्म वार्ड से इस बार भाजपा ने युवा प्रत्याशी पूर्व विधायक रजनी-रविशंकर त्रिपाठी के पुत्र राहुल त्रिपाठी सन्नी को चुनाव मैदान में उतारा था, इन्होंने कांग्रेस के गढ़ में सेंध लगाकर कांग्रेस के प्रत्याशी संजीव मंदिलवार को 113 मतों से परास्त किया। राहुल को 508 मत, संजीव को 395 मत मिले, वहीं नोटा को 12 लोगों ने पसंद किया। इधर भाजपा के गढ़ गुरूनानक वार्ड में भाजपा का अंग रहे शैलेश कुमार सिंह ने चुनावी मैदान में निर्दलीय ताल ठोंका था। वार्ड पार्षद चुनाव में यहां बाबरा परिवार का एकतरफा राज रहा। यहां से भाजपा ने परमवीर सिंह बाबरा टिन्नी को चुनाव मैदान में उतारा था, इन्हें 446 मत मिले। कांग्रेस के सुशील कसेरा को 107 मत वहीं निर्दलीय शैलेश कुमार सिंह को 819 मत मिला। 10 मतदाताओं ने नोटा में अपना मतदान किया।
ये हैं अपराजेय योद्धा
निकाय चुनाव में कुछ चेहरे ऐसे हैं, जो अपराजेय योद्धा से कम नहीं हैं। इनमें प्रमुख नामों में शफी अहमद छठवीं बार चुनाव में हिस्सा लेकर सर्वाधिक मतों से जीत हासिल किए। वार्ड बदलने के बाद भी जनता ने इन्हें स्वीकार किया। महाराणा प्रताप वार्ड के आलोक दुबे वर्ष 1994 से चुनाव लड़ रहे हैं। नगरपालिका के समय वे गुरू घासीदास वार्ड से पार्षद का चुनाव लड़कर जीत हासिल किए। इसके बाद 1999 में भगवान महावीर वार्ड से वे चुनाव लड़े, यहां भी वार्ड की जनता ने उन्हें अपना प्रतिनिधि स्वीकार किया। दोनों ही दौर में वे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे। भाजपा में आने के बाद महाराणा प्रताप वार्ड से वे लगातार तीसरी बार वार्ड पार्षद के चुनाव में शामिल हुए और जीत हासिल की। भगवान महावीर वार्ड के हरमिन्दर सिंह टिन्नी तीन बार से लगातार वार्ड पार्षद का चुनाव लड़ते हुए जीत हासिल कर रहे हैं। पहला चुनाव इन्होंने गौरी वार्ड से निर्दलीय लड़ा और इन्हें भरपूर जनता का समर्थन मिला। दो बार से वे लगातार भाजपा से वार्ड पार्षद का चुनाव लड़कर जीत हासिल करते आ रहे हैं। नवागढ़ में पंचायत के समय से चुनाव लड़ते आ रहे मो. फारूक इदरिशी का परिवार क्षेत्र के नगर निगम क्षेत्र में शामिल होने के बाद चौथी बार चुनावी मैदान में सफलता के झंडे गाड़ चुका है। इस क्षेत्र से पहली बार वर्ष 2009 में मो. फारूक इदरिशी ने पार्षद का चुनाव लड़ा इसके बाद 2014 में वे पुन: चुनाव लड़े, दोनों बार वार्ड की जनता का इन्हें आशीर्वाद मिला और वे पार्षद बने। 2019 में मो. फारूक की बहू फौजिया नाज चुनाव मैदान में उतरीं और जनता का इन्हें भरपूर प्यार और आशीर्वाद मिला। वार्ड पार्षद रहते तक में वे जनता के बीच पूरी तन्मयता के साथ जुड़ी रहीं, इन्हें अपने पति मो. बाबर इदरिशी का साथ हर कदम पर मिला और वार्ड की तस्वीर बदलने वे हरसंभव प्रयासरत रहे। हाल में संपन्न हुए चुनाव में मो. बाबर इदरिशी वार्ड पार्षद के चुनाव में हिस्सा लिए और रिकार्ड मत प्राप्त करके जीत हासिल करने पार्षद बने। इस चुनाव में उन्हें 2035 मत प्राप्त हुआ है, जो पूरे 48 वार्डों में किसी भी प्रत्याशी ने हासिल नहीं किया है। डॉ. भीमराव वार्ड के अशोक कुमार सोनवानी 1989-90 से ही चुनाव लड़ रहे हैं। वे परिवार के सदस्यों के साथ छठवीं बार चुनाव मैदान में सामने आए, दो बार इनके परिवार से भारती सोनवानी चुनाव मैदान में उतरीं और जीत हासिल कीं। नगरपालिका के समय से चुनाव लड़ रहे अशोक सोनवानी को 2014 में हार का सामना करना पड़ा, लेकिन इनके जनसमर्पण भाव को देखते हुए पार्टी ने इन्हें एल्डरमैन बनाया। इस दौरान भी वे वार्डवासियों के दुख-सुख में निरंतर शामिल होते रहे। जनता का विश्वास अर्जित करने के साथ ही वार्डवासियों के बीच निरंतर सक्रिय रहते हुए उनके दुख-सुख में सहभागी बनने का ही परिणाम है कि इन्हें निकाय चुनाव में अनवरत सम्मानजनक जीत हासिल हो रही है।
नपं सीतापुर में कांग्रेस प्रत्याशी की 09 मतों से जीत
नगर पंचायत सीतापुर में अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी प्रेमदान कुजुर ने 9 मतों के अंतर से जीत हासिल की। भाजपा प्रत्याशी श्रीमती अमृता पैंकरा को 2,552, कांग्रेस प्रत्याशी श्री प्रेमदान कुजुर को 2,561 और निर्दलीय प्रत्याशी श्री गिरधर राम भगत को 209 प्राप्त हुए। 15 वार्डों में से 7 वार्डों में भाजपा, 4 वार्डों में कांग्रेस और 3 वार्ड में निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे। बता दें कि 14 वार्ड में भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए थे।
