अंबिकापुर। गांधीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम सकालो में एक नवविवाहिता फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। कमरे में सो रहे पति की नजर फांसी के फंदे पर छटपटा रही पत्नी पर गई और वह उसे फांसी से उतारकर होलीक्रॉस अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचा, देर रात जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक सकालो निवासी आशा चेरवा का विवाह ओम प्रकाश चेरवा 22 वर्ष से वर्ष 2024 में रीति-रिवाज से हुआ था। एक सप्ताह से वह अपने मायके में ही रह रही थी। उसका पति प्लास्टिक फैक्ट्री में काम करता है। 10 फरवरी को वह मजदूरी करने के लिए फैक्ट्री में गया, तो यहां के मैनेजर ने मजदूरों का कोटा पूरा होने की बात कहते हुए उसे रात के शिफ्ट में काम पर आने के लिए कहा था। इसके बाद वह अपने ससुराल चले गया। इस दौरान उसकी पत्नी पास-पड़ोस में सब्जी तोड़ने के लिए गई थी। मृतिका के पति का कहना है कि घर आने के बाद वह बोली कि काम करने के लिए जाना तो सब्जी को दोस्तों के लिए लेते जाना। इसके बाद वह घर में ही था और रात को लगभग 11 बजे मोबाइल में गाना सुन रहा था, पत्नी वहीं सिर ढककर सोई थी। देर रात वह बाथरूम गया और मोबाइल में गाना सुनते सो गया था। इसी बीच उसी कमरे में उसकी पत्नी फांसी पर झूल गई थी। फांसी लगाने के बाद आई आवाज को सुनकर वह उठा और आननफानन में फांसी के फंदे से उसे उतारकर होलीक्रॉस अस्पताल लेकर गया, यहां 12 फरवरी को अलसुबह जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले में मर्ग कायम कर मृतिका के स्वजन का बयान दर्ज की है। शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया गया है।
