इलाके में बढ़ाई गई चौकसी, पुलिस अपने स्तर पर तहकीकात में जुटी
बलरामपुर। बलरामपुर जिले के झारखंड सीमा से लगे चुनचुना, पुन्दाग क्षेत्र में लम्बे समय बाद एक बार फिर नक्सलियों की आहट सुनने को मिल रही है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से ठीक पहले नक्सलियों ने इलाके में बैनर लगाकर पुलिस और वन विभाग को सख्त चेतावनी दी है। बैनर में नक्सलियों ने पुलिस को दलाल बताते हुए होश में आने, साथ ही पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद जैसे नारे का भी उल्लेख किया है। वन विभाग को भी चेतावनी देते हुए कहा गया है कि जल, जंगल, जमीन हमारा है, इसलिए जंगल की कटाई और सड़क निर्माण कार्य बंद किया जाए। बैनर में अंत में नक्सलियों के तर्ज पर निवेदक भाकपा माओवादी उल्लेख किया गया है।
तत्सबंध में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि इस तरह के बैनर दो-तीन स्थानों पर लगाए गए हैं। पुलिस इसे शरारती तत्वों का करामात मान रही है, लेकिन पूरे क्षेत्र में चौकसी बढ़ा दी गई है। बैनर किसने और कब लगाया, इसकी तहकीकात भी पुलिस अपने स्तर पर कर रही है। नक्सल प्रभावित इलाकों में पंचायत चुनाव से पहले इस तरह की गतिविधियां सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती बन गई है। बता दें कि सामरी थाना क्षेत्र का चुनचुना-पुन्दाग काफी बीहड़ एरिया है। इस क्षेत्र को अति नक्सली क्षेत्र माना जाता है। आए दिन झारखंड की सीमा लांघ कर नक्सली इस क्षेत्र में प्रवेश करते हैं और अपनी मौजूदगी का एहसास कराते हैं। बहरहाल चुनाव से ठीक पहले नक्सली बैनर लगने से क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के द्वारा बैनर लगने की पुष्टि की गई है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि नक्सलियों के तर्ज पर पोस्टर दहशत फैलाने के लिए किसी ने लगाया है या वास्तव में नक्सली एक बार फिर प्रदेश में नक्सलियों के विरूद्ध चल रही ताबड़तोड़ कार्रवाई को देखते हुए अपनी पैठ सरगुजांचल के पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

Spread the love